पटना के खराब मौसम ने रोकी उड़ानें, वाराणसी डायवर्ट हुईं दिल्ली-मुंबई की दो फ्लाइटें
वाराणसी। पटना में शनिवार को खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर पड़ा। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण दिल्ली और मुंबई से पटना जा रही दो उड़ानों को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमान यात्रियों समेत सुरक्षित वाराणसी पहुंचे। पटना में मौसम के अनुकूल होने के बाद दोनों उड़ानों को गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
दिल्ली से पटना जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1510 में 173 यात्री सवार थे। खराब मौसम के कारण विमान को वाराणसी डायवर्ट किया गया। उड़ान दोपहर करीब 3:30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंची। पटना में मौसम की स्थिति में सुधार और उड़ान संचालन के अनुकूल परिस्थितियां बनने के बाद विमान करीब 50 मिनट वाराणसी एयरपोर्ट पर रुका। इसके बाद शाम 4:20 बजे पटना के लिए रवाना हो गया।
इसी तरह मुंबई से पटना जा रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 2789 को भी वाराणसी डायवर्ट किया गया। विमान में 161 यात्री सवार थे। यह उड़ान दोपहर करीब 2:45 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंची। पटना के मौसम में सुधार का इंतजार करने के बाद विमान करीब दो घंटे 10 मिनट वाराणसी में रुका और शाम 4:55 बजे पटना के लिए रवाना हुआ।
दोनों उड़ानों के डायवर्जन के चलते कुछ समय के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट रहीं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। विमानों के वाराणसी पहुंचने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर में ही रखा गया।

