मिर्जामुराद हादसे में कार चालक की मौत, ट्रक चालक पर मुकदमा दर्ज, हरपुर रिंग रोड पर दुर्घटना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर रिंग रोड पर शनिवार रात हुए सड़क हादसे में कार चालक की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के चाचा की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के सारीपुर निवासी हेमंत कुमार सिंह ने तहरीर देकर बताया कि उनके भतीजे अभिषेक कौशिक (34) पुत्र संजय कुमार सिंह 18 सितंबर की रात करीब दस बजे अपनी कार से निजी कार्य के सिलसिले में बाबतपुर जा रहे थे। कार अभिषेक खुद चला रहे थे। इसी दौरान मिर्जामुराद क्षेत्र के हरपुर रिंग रोड पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। ट्रक का नंबर यूपी 64 एटी 5666 और कार का नंबर यूपी 66 एएफ 6971 बताया गया है। चाचा का आरोप है कि ट्रक चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ।

ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत
हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में शोक छा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 सितंबर को अभिषेक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज
मृतक के चाचा हेमंत कुमार सिंह की तहरीर के आधार पर मिर्जामुराद पुलिस ने ट्रक चालक अनिल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अनिल कुमार सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज क्षेत्र के घौर मधुपुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों और संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।

Share this story