काशी विश्वनाथ धाम में कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि, राष्ट्र की रक्षा व शांति के लिए बाबा से प्रार्थना
वाराणसी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम राष्ट्रभक्ति और वीर शहीदों के सम्मान का साक्षी बना। नमामि गंगे काशी क्षेत्र की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कारगिल युद्ध के अमर वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान धाम के गंगा द्वार और भारत माता की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित किए गए तथा देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों की कुशलता, सुरक्षा और दीर्घायु के लिए बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को याद किया। इस दौरान "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के उद्घोष से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि भारतीय सेना के जवान हर परिस्थिति में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं और उनके साहस, त्याग तथा समर्पण के कारण ही देशवासी सुरक्षित जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल की दुर्गम और बर्फीली चोटियों पर भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए पाकिस्तान की घुसपैठ को विफल किया और कब्जाई गई रणनीतिक चौकियों पर पुनः तिरंगा फहराकर पूरे विश्व को भारतीय सेना की शक्ति और संकल्प का परिचय कराया।

उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध केवल एक सैन्य विजय नहीं, बल्कि राष्ट्र के आत्मसम्मान, साहस और एकता का स्वर्णिम अध्याय है। यह दिवस प्रत्येक भारतीय को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा और नई पीढ़ी को उनके त्याग एवं वीरता की गाथा से परिचित कराना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएंगे और समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का कार्य करेंगे। अंत में सभी ने भारतीय सेना के शौर्य को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, नीरज सिंह, सौरभ पाण्डेय, शशिभूषण पाण्डेय, अर्जुन सिंह, नमन पाण्डेय, गोलू यादव, अंकित यादव, शुभम गुप्ता, राकेश कुमार, भावेश सहित बड़ी संख्या में नमामि गंगे के कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय सेना के अदम्य साहस और राष्ट्र रक्षा के संकल्प को नमन किया।

