नईसड़क में ट्रांसफार्मर धधका, मचा हड़कंप, एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
वाराणसी। गर्मी का असर अब शहर की बिजली व्यवस्था पर भी दिखने लगा है। नई सड़क इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रांसफार्मर के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग अचानक भड़की और कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को सूचना दी। प्रारंभिक आशंका है कि बढ़ते बिजली लोड और तापमान के कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लगी। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर सुरक्षा घेरा बनाया और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। अधिकारियों की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
इस घटना के चलते नई सड़क और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक बिजली गुल होने से दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि बिजली कटने से उनका कामकाज प्रभावित हुआ।
हालांकि राहत की बात यह रही कि आग की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पुराने और जर्जर ट्रांसफार्मरों की समय-समय पर जांच और मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

