दर्दनाक हादसा : चोलापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से डॉक्टर की मौत, सिंधोरा में चलाते थे निजी क्लिनिक
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार चिकित्सक की मौत हो गई। कटहलगंज चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
चौबेपुर के कादीपुर निवासी थे डॉ. राजेश कुमार
मृतक की पहचान 40 वर्षीय डॉ. राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव के रहने वाले थे। वह सिंधोरा में अपना निजी चिकित्सालय चलाते थे और क्षेत्र में एक जिम्मेदार एवं लोकप्रिय डॉक्टर के रूप में जाने जाते थे।
देर रात बाइक से लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि डॉ. राजेश कुमार शनिवार रात बाइक से कहीं से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कटहलगंज चौराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उन्हें गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर
डॉक्टर की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, उनके मरीजों और स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख देखने को मिला। लोगों का कहना है कि डॉ. राजेश बेहद मिलनसार और सेवा भाव रखने वाले चिकित्सक थे।
पुलिस कर रही अज्ञात वाहन की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है।

