मोहनसराय हाईवे पर फुट ओवरब्रिज निर्माण से दो घंटे जाम, वाहनों की लगी लंबी कतार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मोहनसराय हाईवे स्थित चौराहे पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के चलते मंगलवार तड़के करीब दो घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा। सुबह भोर से लेकर लगभग 7 बजे तक हाईवे और सर्विस रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

चौराहे पर पैदल राहगीरों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में पहले से तैयार किए गए लोहे के बड़े गटर को क्रेन की मदद से पिलरों पर स्थापित करने का कार्य किया जा रहा था। कर्मचारियों ने जमीन पर वेल्डिंग कर इस ढांचे को दो हिस्सों में तैयार किया था, जिसे बाद में हाईवे के दोनों ओर बने पिलरों पर फिट किया गया।

123

निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा हाईवे पर वाहनों का आवागमन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इस दौरान चार क्रेनों की मदद से लोहे के भारी ढांचे को सावधानीपूर्वक पिलरों पर सेट किया गया। 

हालांकि, इस प्रक्रिया में करीब दो घंटे का समय लग गया, जिसके चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देर हुई। कार्य पूर्ण होने के बाद यातायात को फिर से सुचारू रूप से चालू कर दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे कार्यों के दौरान वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।

Share this story