बीएचयू के सीर गोवर्धनपुर गेट पर रोजाना लग रहा जाम, बीएचयू के छात्रों और मरीजों की बढ़ी परेशानी

WhatsApp Channel Join Now

सुबह वाहनों का दबाव बढ़ते ही लग जाती है लंबी कतार, ठेला-खोमचे और अव्यवस्थित यातायात से समस्या गंभीर

वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर गेट के पास पिछले कई महीनों से सुबह के समय रोजाना जाम की समस्या बनी हुई है। सड़क पर वाहनों का बढ़ता दबाव, सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे और अव्यवस्थित यातायात के कारण लोगों को काफी देर तक जाम में फंसना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं, स्कूली बच्चों और अस्पताल जाने वाले मरीजों व उनके परिजनों पर पड़ रहा है।

सुबह स्कूल और विश्वविद्यालय जाने का समय होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। गर्मी और उमस के बीच जाम में फंसे लोग काफी देर तक सड़क खुलने का इंतजार करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या पिछले कई महीनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

123

परीक्षा के समय बढ़ी विद्यार्थियों की चिंता
इन दिनों परीक्षाओं का दौर होने के कारण विद्यार्थियों की परेशानी और बढ़ गई है। बीएचयू जाने वाले छात्र-छात्राओं को जाम के कारण समय से पहुंचने में दिक्कत हो रही है। विद्यार्थियों को डर रहता है कि जाम के कारण परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देरी न हो जाए।

मरीजों और एंबुलेंस के लिए भी मुश्किल
सीर गोवर्धनपुर गेट से सर सुंदरलाल चिकित्सालय और ट्रामा सेंटर की ओर भी बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। जाम लगने पर मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस या मरीजों के वाहनों का जाम में फंसना गंभीर समस्या बन सकता है।

ठेला-खोमचे से सड़क पर घट रही जगह
स्थानीय निवासी रोशन यादव ने बताया कि सड़क किनारे कई ठेला-खोमचे लगने से आवागमन के लिए उपलब्ध जगह कम हो जाती है। सुबह वाहनों का दबाव बढ़ते ही यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है और जाम लग जाता है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ स्कूली बच्चों और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।

123

यातायात पुलिस की तैनाती की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुबह के व्यस्त समय में यातायात पुलिस की तैनाती, सड़क किनारे लगे अव्यवस्थित ठेला-खोमचों को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित कराने और यातायात सुचारू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सीर गोवर्धनपुर गेट बीएचयू और अस्पताल क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। यहां नियमित यातायात व्यवस्था लागू होने से विद्यार्थियों, मरीजों, स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है।

Share this story