बनारस में व्यापारियों ने मनाया होली-ईद मिलन समारोह, विश्व शांति का दिया संदेश
वाराणसी। शहर में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने और विश्व शांति के उद्देश्य से वाराणसी फर्नीचर एवं फर्नीशिंग व्यापार मंडल द्वारा अनूठे होली-ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर व्यापारियों ने एक-दूसरे को गुलाल की जगह फूलों की होली खेलकर बधाई दी और गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए और पारंपरिक अंदाज में एक-दूसरे का स्वागत किया गया। प्रभारी प्रकाश सोनेजा ने सभी आगंतुकों का सफेद गांधी टोपी और कलगी के साथ स्वागत कर कार्यक्रम को खास बना दिया। इस दौरान वरिष्ठ व्यापारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि दुनिया के तमाम देश इस समय युद्ध की विभीषिका झेल रहे हैं। बनारस की पहचान उसकी गंगा-जमुनी तहजीब है, जिसे बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं महामंत्री रमेश यादव ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम लोगों को जोड़ने और सकारात्मक संदेश देने का काम करते हैं।
समारोह के दौरान उपस्थित व्यापारियों ने फूलों की होली खेलकर खुशियां साझा कीं और एक-दूसरे के प्रति सम्मान और प्रेम का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में संरक्षक राजेश अग्रवाल, नरेंद्र गर्ग, प्रमोद यादव, अजय जायसवाल, डॉ. यादवेंद्र सिंह, नवनियुक्त संरक्षक अरुण रुस्तगी सहित कई गणमान्य व्यापारी मौजूद रहे।
इसके अलावा संजय अरोड़ा, दिलीप गुप्ता, अश्वनी जायसवाल, राजकुमार यादव, विजय जायसवाल, अमीन खान, तनवीर सिद्दीकी, दिनेश खुराना, ओम प्रकाश गुप्ता, मनोज गुप्ता, अनिरुद्ध यादव, राजू यादव समेत 150 से अधिक व्यापारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने बनारसी लस्सी, चाट और रात्रि भोज का आनंद लिया। आयोजन के माध्यम से व्यापार मंडल ने सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।

