सीवर के पानी में पलटा यात्रियों से भरा टोटो, कई लोग चोटिल, रविदास पार्क के सामने गड्ढों ने बढ़ाया खतरा
वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास जन्मस्थली के पास रविदास पार्क के सामने सड़क पर फैला सीवर का गंदा पानी और बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। सोमवार को यात्रियों से भरा एक टोटो जलभराव के बीच गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। टोटो में सवार यात्री गंदे पानी में जा गिरे। हादसे में कई यात्रियों के चोटिल होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर सीवर का पानी जमा होने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी दौरान यात्रियों को लेकर गुजर रहा टोटो अचानक गड्ढे में फंस गया। संतुलन बिगड़ने से टोटो पलट गया और उसमें बैठे यात्री सड़क पर भरे गंदे पानी में गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला।
दो दिन पहले हुआ था विरोध
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी समस्या के विरोध में शनिवार को सपा कार्यकर्ता अमन यादव ने सीवर के गंदे पानी में स्नान कर शासन और जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। विरोध के बाद लोगों को उम्मीद थी कि संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर जलनिकासी और सड़क की समस्या का समाधान करेंगे। हालांकि दो दिन बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बरसात शुरू होने के साथ ही इस मार्ग पर जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता। इससे टोटो, ऑटो और दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है।

श्रद्धालुओं और राहगीरों को परेशानी
रविदास जन्मस्थली और पार्क के कारण इस मार्ग पर स्थानीय लोगों के अलावा श्रद्धालुओं, पर्यटकों, विद्यार्थियों और अन्य राहगीरों की आवाजाही रहती है। ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग पर लंबे समय से सीवर का पानी और गड्ढे बने रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सीवर के पानी की निकासी, गड्ढों की भराई और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

