महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में उत्तर पुस्तिकाओं की प्रति पाने को करना होगा ऑनलाइन आवेदन, देनी होगी 200 रुपये फीस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र अब अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की प्रति ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत विद्यार्थियों को प्रत्येक उत्तर पुस्तिका की प्रति प्राप्त करने के लिए 200 रुपये शुल्क जमा करना होगा।

विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में इन दिनों स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। आगामी 28 जुलाई से अंतिम सेमेस्टर के परिणाम भी जारी होने शुरू हो जाएंगे। इसी बीच उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परिणामों को लेकर पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू की गई है।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीप्ति मिश्रा ने बताया कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत छात्र अपनी कॉपी देख सकते हैं। इसी क्रम में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं की प्रति प्राप्त करने की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की गई है। इसके लिए छात्रों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा।
 

नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को आवेदन करते समय अपनी ई-मेल आईडी और अभिभावक का मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। आवेदन शुल्क के रूप में प्रत्येक उत्तर पुस्तिका के लिए 200 रुपये जमा करने होंगे। शुल्क जमा होने के बाद नियमानुसार उत्तर पुस्तिका की प्रति उपलब्ध कराई जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन का कोई प्रावधान नहीं है। छात्र केवल अपनी उत्तर पुस्तिका की प्रति प्राप्त कर सकेंगे। यदि किसी छात्र को एक से अधिक प्रश्नपत्रों की प्रतियां चाहिए, तो उसे प्रत्येक विषय के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा।

Share this story