तिलभाण्डेश्वर पार्क में अंधेरा ही अंधेरा: सोलर लाइटें बंद, हाई मास्ट भी बेकार, बच्चों की सुरक्षा पर खतरा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तिलभाण्डेश्वर पार्क में सोलर लाइटों और हाई मास्ट लाइट के पूरी तरह खराब हो जाने से पूरा पार्क रात में अंधेरे में डूबा रहता है। हालात ऐसे हैं कि बच्चों को अंधेरे में खेलने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

a

सोलर लाइटें बनी शोपीस, पैनल और बैटरियां तक गायब
पार्क में लगी करीब 10 सोलर लाइटें पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन लाइटों के सोलर पैनल और बैटरियां तक गायब हो गई हैं, जिसके चलते अब ये सिर्फ खंभे बनकर रह गई हैं। लगभग 10 वर्ष पहले लगाई गई इन लाइटों का लंबे समय से कोई रखरखाव नहीं हुआ, जिससे यह स्थिति पैदा हुई है।

हाई मास्ट लाइट भी बेकार, नहीं मिल रही पर्याप्त रोशनी
पार्क के बीचों-बीच स्थापित हाई मास्ट लाइट भी खराब हालत में है। उसमें न तो बिजली की वायरिंग बची है और न ही बल्ब, जिससे वह पूरी तरह अनुपयोगी हो चुकी है। अगर यह लाइट चालू होती, तो पूरे पार्क क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी मिल सकती थी।

a

अंधेरे में खेलने को मजबूर बच्चे, बढ़ी सुरक्षा चिंता
तिलभाण्डेश्वर पार्क के आसपास हजारों लोग निवास करते हैं और बड़ी संख्या में बच्चे रोज यहां खेलने आते हैं। लेकिन रात के समय अंधेरा छा जाने से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोग इसे गंभीर लापरवाही मान रहे हैं।

स्थानीय लोगों में नाराजगी, जल्द सुधार की मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पार्क में लगी सोलर और हाई मास्ट लाइटों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें फिर से चालू किया जाए। लोगों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है।

Share this story