रोहनिया में सर्पदंश से तीन वर्षीय मासूम की मौत, दीवार तोड़ने पर निकला जहरीला कोबरा
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के बसंतपट्टी गांव की राजभर बस्ती में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में जहरीले सर्प के डसने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
रविंद्र राजभर का तीन वर्षीय पुत्र आयुष अपने माता-पिता के साथ घर में चौकी पर सो रहा था। शनिवार तड़के करीब तीन बजे वह अचानक रोने लगा। कुछ ही देर में उसके मुंह से झाग निकलने लगा और वह बेहोश हो गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने आशंका जताई कि उसे किसी जहरीले जीव ने डस लिया है।

परिजन आनन-फानन में आयुष को उपचार के लिए लोहता क्षेत्र स्थित सीटकहवा बाबा मंदिर के पास एक निजी अस्पताल ले गए। परिजनों के अनुसार, वहां से बच्चे की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे अन्यत्र ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन उसे गाजीपुर जिले के अमवा स्थित सती माई स्थल पर झाड़-फूंक के लिए भी ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
मासूम की मौत के बाद परिजनों ने स्थानीय परंपरा के अनुसार उसके शव का अंतिम संस्कार किया। घर लौटने पर जिस स्थान पर बच्चा सोया था, वहां दीवार में एक बिल दिखाई दिया। आशंका के आधार पर परिजनों ने दीवार तोड़ी तो उसमें एक जहरीला कोबरा सांप मिला। मृतक आयुष अपने पिता रविंद्र राजभर के तीन बेटों में दूसरे नंबर का था। बेटे की असमय मौत से पिता रविंद्र राजभर, माता उषा देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

