बेनीपुर में प्राइवेट लाइनमैन की हत्या में तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा जेल

thana  mirjamurad
WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनीपुर गांव में हुई 59 वर्षीय प्राइवेट लाइनमैन फया राजभर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस ने जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव के रहने वाले रहीस खान, बधई सिंह और मोहित सिंह को मेहंदीगंज स्थित लोहे यात्री स्टैंड के पास से धर दबोचा और अदालत में पेश किया। कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

गौरतलब है कि 25 अप्रैल की देर शाम फया राजभर गांव में आयोजित एक भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। परिजनों ने उन्हें आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजने की कोशिश की लेकिन वे नहीं मिले। अंततः 28 अप्रैल को मृतक के पुत्र सोनू राजभर ने मिर्जामुराद थाने में लिखित सूचना दी और जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव निवासी रहीस खान पर अपहरण का आरोप लगाया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की।

जांच के दौरान 30 अप्रैल की सुबह एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई जब परिजनों को सूचना मिली कि जंसा थाना क्षेत्र के कुंडरिया गांव के सिवान में स्थित एक पुराने कुएं में एक सड़ा-गला शव पड़ा है। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद और जंसा थाने की पुलिस के साथ एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। शव को कुएं से बाहर निकाला गया और डॉग स्क्वॉड की सहायता से घटनास्थल का परीक्षण किया गया। कुत्ता टीम रहीस खान के घर के आसपास जाकर फिर उसी स्थान पर लौट आई, जिससे शक और पुख्ता हो गया।

इसके बाद मृतक की पत्नी बचनी देवी की तहरीर पर पुलिस ने रहीस खान समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस की सक्रियता और मुखबिरों की सूचना के चलते तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी, जिन्हें अब न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया है। पुलिस चौथे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। 

Aniket Seth
Aniket Seth

4953 Articles

Share this story