लोहता में दिनदहाड़े चोरी, दुकान से 20 हजार रुपये और जरूरी कागजात से भरी पेटी ले उड़े चोर
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी और जरूरी कागजात से भरी पेटी पार कर दी। पेटी में करीब 20 हजार रुपये नकद रखे थे। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में नाराजगी है।
अलाउद्दीनपुर निवासी विजय बहादुर यादव की गृहस्थी क्लीन मार्ट नाम से दुकान है। शनिवार को वह दुकान पर बैठकर ग्राहकों को सामान दे रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर दुकान में रखी रुपयों से भरी पेटी उठा ली और फरार हो गए। कुछ देर बाद जब दुकानदार की नजर पेटी पर पड़ी तो वह गायब थी। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन पेटी का कोई सुराग नहीं मिला।
पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, पेटी में लगभग 20 हजार रुपये नकद के अलावा कुछ जरूरी कागजात भी रखे हुए थे। दिनदहाड़े दुकान से पेटी चोरी होने की घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। आए दिन चोरी की घटनाओं से दुकानदारों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपित चोरों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग की है।

