मिर्जामुराद में चोर सक्रिय, डिजिटल लाइब्रेरी के सामने से साइकिल उड़ाई, CCTV में कैद हुई करतूत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है। ताजा मामला श्याम तारा महिला महाविद्यालय के समीप स्थित डीके डिजिटल लाइब्रेरी के सामने का है, जहां शुक्रवार की शाम एक शातिर चोर ने चेन से बंधी साइकिल को कुछ ही क्षणों में चोरी कर लिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है।

शुक्रवार शाम करीब आठ बजे लाइब्रेरी के सामने एक साइकिल खड़ी थी, जिसे सुरक्षा के लिए चेन से बांधा गया था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और बड़ी चालाकी से साइकिल को लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों को घटना की भनक तक नहीं लगी। जब साइकिल मालिक वहां पहुंचा तो साइकिल गायब देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें चोरी की पूरी वारदात स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और यह कोई पहला मामला नहीं है। डीके डिजिटल लाइब्रेरी के नीचे संचालित एक फर्नीचर की दुकान भी पूर्व में कई बार चोरों के निशाने पर आ चुकी है। दुकान से रंदा मशीन, लकड़ी काटने की मशीन, सैंडिंग मशीन समेत कई महंगे उपकरण चोरी हो चुके हैं। इन मामलों में पुलिस को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई या गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त की कमी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम न उठाए जाने से ऐसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश जारी है।

Share this story