बीएलडब्ल्यू-नेवादा में दुकान का ताला तोड़कर 12 लाख की चोरी, गार्ड से मारपीट और सीसीटीवी कैमरे तोड़े, पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का लगाया आरोप
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के बीएलडब्ल्यू-नेवादा में हरशंकरानंद अस्पताल के पास स्थित श्रीराम ग्लास एंड प्लाई और रॉयल पेट मार्ट में तोड़फोड़ कर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने करीब दो दर्जन लोगों पर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसने, सुरक्षा गार्ड से मारपीट करने और नकदी, लैपटॉप सहित करीब 12 लाख रुपये का सामान चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने चितईपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में एसीपी भेलूपुर ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।
गार्ड से मारपीट कर दुकान में घुसने का आरोप
केदार नगर कॉलोनी निवासी दुकानदार जयप्रकाश चौरसिया और ओमप्रकाश चौरसिया के अनुसार, दुकान पर सुरक्षा गार्ड ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान करीब दो दर्जन लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर गार्ड के साथ मारपीट करने लगे। जान बचाने के लिए गार्ड वहां से भाग निकला। इसके बाद आरोपितों ने दुकान का ताला तोड़कर शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए और अंदर प्रवेश कर गए। दुकानदार का आरोप है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।

नकदी और लैपटॉप ले जाने का दावा
जयप्रकाश चौरसिया ने आरोप लगाया कि दुकान के कैश काउंटर में रखी नकदी, एप्पल कंपनी का लैपटॉप और अन्य महंगे सामान चोरी कर लिए गए। उनके मुताबिक, चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त होने से पहले की घटना के कुछ अंश रिकॉर्ड हुए हैं। करीब दो से तीन मिनट की फुटेज सुरक्षित होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे घटना की जांच में मदद मिल सकती है।
पुराने विवाद से जोड़कर जताई आशंका
ओमप्रकाश चौरसिया ने बताया कि सुरेंद्र, महेंद्र और नागेंद्र पटेल के साथ उनका विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में लंबित है। दुकानदार ने इसी विवाद के बीच दुकान को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस पर सुनवाई में देरी का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने थाने में लिखित तहरीर दी, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि काफी समय बीतने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण नहीं किया। सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और चोरी गए सामान के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

