मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कसी कमर, एडीसीपी ने आयोजकों को बताई गाइडलाइन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जैतपुरा थाना क्षेत्र के बड़ी बाजार स्थित एक होटल में पुलिस-प्रशासन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, आयोजकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

एडीसीपी वैभव बागर ने कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व पूर्व निर्धारित परंपराओं और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या या विवाद सामने आता है तो संबंधित विभागों के समन्वय से उसका समाधान कराया जाएगा।

अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से बचने और प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर एसीपी चेतगंज, एसीपी शुभम कुमार सिंह, एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह, थाना प्रभारी आदमपुर विमल कुमार मिश्रा, जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share this story