मन की बात’ में गूंजी काशी से वडनगर तक की विरासत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से सुना 140वां एपिसोड
नशामुक्त युवा अभियान, डिजिटल सुशासन और भारतीय संग्रहालयों की वैश्विक उपलब्धियों पर हुई चर्चा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने गिनाए कार्यक्रम के प्रमुख संदेश
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का रविवार को भाजपा महानगर कार्यालय गुलाब बाग में सामूहिक श्रवण किया गया। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। कार्यक्रम में नशामुक्त युवा अभियान, डिजिटल सशक्तिकरण, सुशासन और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की वैश्विक पहचान जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई।
कार्यक्रम के बाद महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि ‘मन की बात’ अब जनभागीदारी का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इसके जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और उपलब्धियों को देशवासियों के सामने लाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलाए जा रहे नशामुक्त युवा अभियान का उल्लेख कर समाज की सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित किया है। युवाओं की इच्छाशक्ति और सामाजिक सहयोग से नशे की समस्या के खिलाफ प्रभावी प्रयास किए जा सकते हैं।

डिजिटल तकनीक से सुशासन को मिल रही गति
प्रदीप अग्रहरि ने सरकारी कर्मचारियों के प्रशिक्षण और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘iGOT कर्मयोगी’ की चर्चा करते हुए कहा कि 17 भारतीय भाषाओं में सात हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की उपलब्धता डिजिटल प्रशिक्षण को व्यापक बना रही है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी आधुनिक तकनीकों के प्रति कर्मचारियों की रुचि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में बदलाव का संकेत है।
उन्होंने ‘संचार साथी’ ऐप को आम नागरिकों की मोबाइल सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, इस ऐप के माध्यम से मोबाइल के आईएमईआई नंबर की मदद से खोए हुए फोन को ट्रैक और ब्लॉक कराने की सुविधा मिलती है।
काशी और वडनगर के आध्यात्मिक जुड़ाव पर जताया गर्व
भारतीय विरासत की वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए अग्रहरि ने पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के शीर्ष 100 संग्रहालयों में नौवां स्थान मिलने और एशिया में पहला स्थान हासिल करने पर प्रसन्नता जताई। गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम को बर्लिन में ‘रेड डॉट : बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवार्ड’ मिलने को भी गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य द्वारा वडनगर को ‘गुजरात की काशी’ कहना दोनों ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नगरों के जुड़ाव को दर्शाता है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में सुधीर सिंह, शालिनी यादव, संजय गुप्ता, नम्रता चौरसिया, मृदुला जायसवाल, चंद्रशेखर उपाध्याय, पवन अग्रवाल, मधुप सिंह, पूजा दीक्षित, सपना सिंह, हीरा यादव, अजय गुप्ता, पंकज चतुर्वेदी, सत्येंद्र सिंह, अवधेश राय, शैलेंद्र सिंह और योगेश सिंह ‘पिंकू’ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

