काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धापूर्वक मनाई गई लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की पुण्य स्मृति

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा शनिवार को श्रद्धेय माता अहिल्याबाई होल्कर का पुण्य स्मरण करते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष पूजन, अर्चन एवं आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर धाम परिसर स्थित माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके सनातन धर्म और काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनरोद्धार में दिए गए अतुलनीय योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

कार्यक्रम में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सभी ने माता अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन करते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान को स्मरण किया। न्यास की ओर से कहा गया कि माता अहिल्याबाई होल्कर ने सनातन धर्म की लोकचेतना को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। काशी विश्वनाथ मंदिर के इतिहास में कई बार आए संकटों और विध्वंस के बाद वर्तमान स्वरूप के पुनर्निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनके प्रयासों के कारण ही काशी विश्वनाथ मंदिर को नया जीवन और भव्य स्वरूप प्राप्त हुआ।

मंदिर न्यास ने यह भी स्पष्ट किया कि वह सनातन परंपरा के महापुरुषों और महान मातृशक्ति की प्रेरक गाथाओं को संरक्षित, प्रचारित और जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। न्यास का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सनातन मूल्यों से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने माता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए संकल्प व्यक्त किया। पूरे आयोजन का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक गौरव से ओतप्रोत रहा।

Share this story