AI और भारतीय ज्ञान परंपरा के मेल से संवरेगा शहरों का भविष्य, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी नई दिशा

WhatsApp Channel Join Now

आईआईटी (बीएचयू) में पर्यावरणीय चुनौतियों और सतत विकास पर राष्ट्रीय संगोष्ठी

प्रो. सच्चिदानंद त्रिपाठी बोले- शहरी नियोजन में नदियों, झीलों और जैव विविधता का संरक्षण जरूरी

वाराणसी। तेजी से बढ़ते शहरीकरण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच भारतीय शहरों को टिकाऊ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा, आधुनिक विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का समन्वय जरूरी है। भारतीय दर्शन में निहित 'धर्म' की अवधारणा प्रकृति के चक्रों का सम्मान करने और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने का संदेश देती है। यह विचार आईआईटी कानपुर के कोटक स्कूल ऑफ सस्टेनेबिलिटी के डीन एवं सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. सच्चिदानंद त्रिपाठी ने मंगलवार को आईआईटी (बीएचयू) में आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी में व्यक्त किए।

आईआईटी (बीएचयू) के सतत विकास केंद्र (वीएसडीजी सेंटर) और मानविकी अध्ययन विभाग की ओर से 'इमर्जिंग एनवायरनमेंटल चैलेंजेज, टेक्नोलॉजी एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स' विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसकी थीम 'विज्ञान, प्रौद्योगिकी और समाज : एक सुदृढ़ एवं सतत भविष्य के लिए' रखी गई थी। देव एवं वर्धना व्याख्यान संकुल में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि टिकाऊ शहरों के निर्माण के लिए नदियों के बाढ़ क्षेत्रों का संरक्षण, झीलों का पुनरुद्धार, जल संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल वास्तुकला को शहरी नियोजन का हिस्सा बनाना होगा। शहरी विस्तार के साथ जैव विविधता की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। हाथियों से लेकर गौरैयों तक वन्यजीवों और पक्षियों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखना विकास योजनाओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।

कचरे से संसाधन तैयार करने पर जोर
प्रो. त्रिपाठी ने महाकुंभ-2025 की अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कचरे को केवल निस्तारित करने के बजाय उससे उपयोगी संसाधन तैयार किए जाने चाहिए। रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल (आरडीएफ) इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। इससे अपशिष्ट प्रबंधन को संसाधन प्रबंधन में बदला जा सकता है।


उन्होंने बताया कि एआई, सेंसर, कैमरे और एकीकृत डेटा प्रणाली के इस्तेमाल से शहरों का पूर्वानुमान आधारित प्रबंधन संभव है। इन तकनीकों से जलवायु संबंधी जोखिमों का आकलन, शहरी नियोजन और पर्यावरणीय निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

प्रदूषण के स्रोतों की पहचान में कारगर होंगी आधुनिक तकनीकें
वायु प्रदूषण नियंत्रण पर चर्चा करते हुए उन्होंने एसएक्यूएमएस-एमएल (SAAQMS-ML), नियर रियल टाइम सोर्स अपॉर्शनमेंट (nRTSA) और डायनेमिक हाइपरलोकल सोर्स अपॉर्शनमेंट (DHSA) जैसी तकनीकों की उपयोगिता बताई। इनके माध्यम से प्रदूषण के हॉटस्पॉट और उसके वास्तविक स्रोतों की पहचान कर लक्षित नियंत्रण उपाय अपनाए जा सकते हैं।

दो तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने रखे विचार
संगोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और बीएचयू कुलगीत के साथ हुआ। संस्थान के निदेशक प्रभारी एवं अधिष्ठाता (संकाय कार्य) प्रो. एनके मुखोपाध्याय ने संस्थान का प्रतिनिधित्व किया। प्रथम तकनीकी सत्र में प्रो. त्रिपाठी ने 'विजडम ऑगमेंटेड बाय एल्गोरिदम्स : द फ्यूचर ऑफ इंडियन सिटीज' विषय पर व्याख्यान दिया। बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के प्रो. अनुराग सिंह ने डिजिटल तकनीक और सतत उपभोग के संबंध में विचार रखे।

द्वितीय सत्र में बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस के प्रो. सरफराज आलम ने वैश्विक पारिस्थितिक एवं राजनीतिक उथल-पुथल के दौर में भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। वहीं इंस्टीट्यूट ऑफ एनवायरनमेंट एंड सस्टेनेबल डेवलपमेंट के डॉ. प्रशांत के. श्रीवास्तव ने बदलती जलवायु के संदर्भ में सतत विकास की संभावनाएं बताईं। दोनों सत्रों में विशेषज्ञों और प्रतिभागियों के बीच प्रश्नोत्तर एवं विचार-विमर्श भी हुआ।

समापन सत्र में संगोष्ठी का सार प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. अमृता द्विवेदी ने किया, जबकि सह-संयोजक एवं सतत विकास केंद्र के समन्वयक प्रो. विकास कुमार दुबे ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मानविकी अध्ययन विभाग के अध्यक्ष प्रो. प्रशांत कुमार पांडा भी आयोजन से जुड़े रहे।

BK Pathak
BK Pathak

21680 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story