हाईकोर्ट में मामला लंबित, फिर भी बेनियाबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तोड़ने की तैयारी, नाराज दुकानदारों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
वाराणसी। बेनियाबाग स्थित नगर निगम के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को जर्जर घोषित कर ध्वस्त किए जाने की तैयारी से दुकानदारों में चिंता और नाराजगी है। व्यापारियों ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात की। वहीं नगर निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना रहा कि कॉम्प्लेक्स से जुड़ा मामला अभी उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और आगामी 18 तारीख को इसकी अगली सुनवाई होनी है। इसके बावजूद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का प्रयास किया जाना न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने से पहले जल्दबाजी करना है।
व्यापारी शंकर विष्णानी, रविकांत विश्वकर्मा, राहुल गुप्ता, रतन सोहबतिया, अरमान हासमी और संदीप मिश्रा समेत कई दुकानदार नगर निगम पहुंचे। उन्होंने नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां और समस्याएं रखीं। व्यापारियों ने कहा कि कॉम्प्लेक्स को लेकर न्यायालय में मामला लंबित है। ऐसे में सुनवाई और न्यायालय के निर्णय से पहले किसी भी तरह की कार्रवाई से दुकानदारों के सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है।
दुकानदारों ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि न्यायालय में प्रकरण का निस्तारण होने तक ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में जल्दबाजी न की जाए। साथ ही सभी संबंधित पक्षों की बात सुनने और नियमानुसार निर्णय लेने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि वर्षों से दुकानें संचालित कर रहे लोगों के हितों और उनके रोजगार को ध्यान में रखकर ही कोई कदम उठाया जाना चाहिए।
वहीं, नगर आयुक्त ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि नगर निगम उनके हितों का पूरा ध्यान रखेगा। उन्होंने कहा कि नए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानदारों को वर्तमान में उनके पास जितनी जगह है, उतनी ही जगह की दुकान उपलब्ध कराई जाएगी। नगर आयुक्त के इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपनी चिंताओं से अधिकारियों को अवगत कराया और मामले में उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई।

