शंकराचार्य घाट पर फंदे से लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, इलाके में मची सनसनी

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित शंकराचार्य घाट पर सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घाट पर मौजूद लोगों ने जब शव को देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 अस्थायी सीढ़ी के नीचे लटका मिला शव

जानकारी के अनुसार शंकराचार्य घाट स्थित श्री विद्या मठ के लिए बनाई गई अस्थायी सीढ़ी के नीचे एक व्यक्ति रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ मिला। शव देखे जाने के बाद घाट पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और जांच-पड़ताल शुरू की।

पहचान कराने में जुटी पुलिस

मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। वह हरे रंग की शर्ट और काले रंग की फुल पैंट पहने हुए था। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति घाट पर कब पहुंचा और किन परिस्थितियों में वहां आया था।

 पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

घटना के बाद घाट क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल भेलूपुर थाना पुलिस को सूचित करें, ताकि उसकी पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

Share this story