दुर्गाकुंड के आनंद पार्क में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, घटना की जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड स्थित आनंद पार्क में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पार्क के दक्षिणी हिस्से में आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची भेलूपुर थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

123

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना का पता गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे चला। पार्क के निकट रहने वाले संतोष ने बताया कि वह रोजाना की तरह शाम को टहलने के लिए पार्क पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर आम के पेड़ से लटक रहे एक युवक पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पार्क के चौकीदार को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। कुछ ही देर में पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक को उन्होंने पहले कभी पार्क या आसपास के इलाके में नहीं देखा था। इस कारण उसकी पहचान को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। लोगों का कहना है कि युवक कब और किस रास्ते से पार्क में पहुंचा, इसकी जानकारी फिलहाल किसी के पास नहीं है।

भेलूपुर थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है और वह आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर मांगकर अपना जीवनयापन करता था। हालांकि अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान स्थापित करने के लिए आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद ले रही है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना देकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान, उसकी गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों की जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले का सही तथ्य सामने आ सके।

Share this story