तहसील बार एसोसिएशन चुनाव: 22 पदों के लिए 27 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा, आय-व्यय पद के लिए नहीं आया कोई नामांकन
अध्यक्ष के तीन और महामंत्री पद पर चार दावेदार, शुक्रवार को होगी नामांकन पत्रों की जांच
वाराणसी। तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब, वाराणसी के वार्षिक चुनाव 2027 के लिए गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। अंतिम दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 27 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। एसोसिएशन के 22 पदों के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
अध्यक्ष पद के लिए नारायणी सिंह, ओम प्रकाश पांडेय और धर्मेंद्र कुमार सिंह ने नामांकन किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर दुर्गेश कुमार सिंह और कृष्ण बहादुर दुबे के बीच मुकाबला होगा। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए नीरज कुमार पाठक और नीरज कुमार सोनकर ने पर्चा भरा।
महामंत्री पद के लिए सबसे अधिक चार प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की। इनमें अनिल कुमार सिंह, आनंद पाल, आनंद कुमार पांडेय और संतोष कुमार चौबे शामिल हैं। कोषाध्यक्ष पद पर मनोज कुमार पटेल ने नामांकन किया। सहायक सचिव प्रशासन पद के लिए विकास त्रिपाठी और कंचन कुमार राय ने पर्चा भरा, जबकि संयुक्त सचिव प्रकाशन पद पर मुस्कान पटेल और सौम्या चौबे ने नामांकन किया।
वरिष्ठ प्रबंध समिति के लिए गणेश प्रसाद सिंह, रवींद्र नारायण मिश्र और विनय कुमार पाठक ने दावेदारी की। वहीं, कनिष्ठ प्रबंध समिति के लिए धीरज कुमार, परमहंस राज पटेल, लाल बहादुर यादव, सत्येंद्र कुमार यादव, रितेश कुमार दुबे और प्रदीप कुमार सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चुनाव संचालन समिति के अनुसार आय-व्यय पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया। नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार को की जाएगी। इसके बाद चुनाव की आगामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
नामांकन के दौरान चुनाव संचालन समिति के सदस्य दिनेश कुमार शर्मा, हरिश्चंद्र पटेल, छेदीलाल यादव, भूपेंद्र कुमार सिंह, नंदकिशोर सिंह पटेल, अखिलेश कुमार मिश्रा और सतीन विश्वकर्मा उपस्थित रहे।

