राजकीय बीज भंडार पर टास्क फोर्स की छापेमारी, बीज वितरण का जाना हाल, पारदर्शिता के दिए निर्देश
वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड के जंसा स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार का शुक्रवार को शासन की ओर से वाराणसी मंडल के लिए नामित टास्क फोर्स अधिकारी सुरेंद्र चंद्र चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। वह आजमगढ़ मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीज वितरण व्यवस्था का जायजा लेते हुए किसानों को नियमानुसार और निर्धारित दर पर बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी मंडल शैलेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल और जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण के समय केंद्र पर गोदाम प्रभारी अमरजीत पटेल और टीएसी राजकुमार की मौजूदगी में किसानों को बीज वितरित किया जा रहा था।
टास्क फोर्स अधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन किसानों ने बीज के लिए बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित दर पर बीज उपलब्ध कराया जाए। बीज प्राप्त करने वाले प्रत्येक किसान को अनिवार्य रूप से रसीद भी दी जाए। उन्होंने चना, मटर, मसूर और सरसों के बीज के लिए बुकिंग कराने तथा ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को क्षेत्रीय कर्मचारियों के जरिए सूचना देकर जल्द बीज वितरण सुनिश्चित करने को कहा।

जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से गेहूं, चना, मटर, मसूर और सरसों के उच्च गुणवत्ता वाले बीज अनुदान पर राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गेहूं बीज की बुकिंग के लिए कृषि विभाग का पोर्टल agriculture.up.gov.in खुला है। किसान पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से हो रही बारिश में जिन बीमित किसानों की धान की फसल को नुकसान हुआ है, वे 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराएं। इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 7065514447, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, पीएमएफबीवाई वेबसाइट अथवा जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में शिकायत की जा सकती है।

