स्वच्छता से संस्कार' अभियान का आगाज: नगर निगम ने विद्यार्थियों को दिया स्वच्छ शहर और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम ने शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार से एक माह तक चलने वाले विशेष अभियान 'स्वच्छता से संस्कार' का शुभारंभ किया। इंग्लिशिया लाइन स्थित भारतीय शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित उद्घाटन समारोह में स्वच्छता को केवल सफाई तक सीमित न रखकर जीवनशैली और संस्कार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। यह अभियान 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक विभिन्न विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर संचालित किया जाएगा।

123

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम के उपसभापति नरसिंह दास ने कहा कि स्वच्छता किसी मजबूरी का नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सड़क या गली में कचरा फेंकता दिखाई दे तो उसे विनम्रतापूर्वक समझाएं कि कचरा केवल नगर निगम की कूड़ा गाड़ी में ही डालें।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पर्यावरण संरक्षण और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि कचरा कोई बेकार वस्तु नहीं, बल्कि एक मूल्यवान संसाधन है। यदि घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखा जाए तो गीले कचरे से जैविक खाद तैयार की जा सकती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए स्वच्छता के साथ यातायात नियमों का पालन भी आवश्यक है।

123

कार्यक्रम में यातायात उपनिरीक्षक शिवबदन यादव ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी। वहीं शमशाद एवं अमित अग्रहरि ने प्रोजेक्टर के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी देते हुए चार रंगों के डस्टबिन की उपयोगिता समझाई। उन्होंने बताया कि हरा डस्टबिन गीले कचरे, नीला सूखे कचरे, लाल सैनिटरी अपशिष्ट तथा काला चिकित्सा एवं अन्य खतरनाक कचरे के लिए निर्धारित है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जादूगर आदित्य रैना का प्रेरक जादू शो रहा, जिसमें मनोरंजन के साथ स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशुतोष पांडेय ने किया, जबकि प्रधानाचार्य डॉ. चारू चंद्र त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर पार्षद सुशील गुप्ता 'योगी', अपर नगर आयुक्त दुर्गेश कुमार मिश्र, जोनल स्वच्छता अधिकारी क्षितिज मिश्रा, पीआरओ संदीप श्रीवास्तव, डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह, आईईसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

123

इसी क्रम में नगर निगम की आईईसी टीम ने शिवकरण सिंह गौतम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भदैनी में भी 'स्वच्छता से संस्कार' कार्यक्रम आयोजित किया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पहचान केवल उसके व्यक्तित्व से नहीं, बल्कि उसके पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार से भी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस दिन हर नागरिक सफाई को सरकार या किसी अन्य व्यक्ति की जिम्मेदारी मानने के बजाय अपना व्यक्तिगत कर्तव्य समझने लगेगा, उसी दिन स्वच्छ और सुंदर शहर का सपना साकार हो जाएगा।

Share this story