बरेका में स्वच्छता पखवाड़े का समापन, पौधारोपण और जागरुकता रैली से दिया स्वच्छता का संदेश
महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमृत कानन उद्यान में रोपे पौधे
वाराणसी। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वच्छता शपथ, जागरूकता रैली और पौधारोपण के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
प्रशासन भवन के स्वागत हॉल में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, नागरिक सुरक्षा संगठन, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड और विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद महाप्रबंधक और अधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। प्रशासन भवन परिसर में लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

अमृत कानन में रोपे पौधे
अधिकारी विश्राम गृह परिसर स्थित अमृत कानन उद्यान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण किया गया। महाप्रबंधक समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण संतुलन और हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए निरंतर पौधों की देखभाल पर जोर दिया गया।

रैली में गूंजे स्वच्छता के नारे
स्वच्छता जागरूकता रैली को प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील ने गोल्फ कोर्स से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सूर्य सरोवर, बैंक ऑफ बड़ौदा और बरेका चिकित्सालय होते हुए प्रशासनिक भवन पहुंची। इसमें रेलकर्मियों, आरपीएफ जवानों, स्काउट्स-गाइड्स, नागरिक सुरक्षा संगठन और विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने नारों और संदेशों के जरिए स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।

