वैदिक अध्ययन के इच्छुक छात्रों को बताना होगा वेद अध्ययन का उचित कारण, 15 मई से शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
वाराणसी। रामघाट स्थित श्री वल्लभाचार्य शालिग्राम सांग्वेद विद्यालय में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया 15 मई से शुरू होने जा रही है। विद्यालय प्रशासन के अनुसार 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बालकों को प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों को वैदिक अध्ययन करने का उचित कारण भी बताना होगा।
विद्यालय में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए कुछ विशेष योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्र किसी गंभीर रोग से पीड़ित न हो तथा उसमें वैदिक अध्ययन के प्रति रुचि और समर्पण होना चाहिए। इसके साथ ही छात्र का चरित्र और व्यवहार भी संतोषजनक होना आवश्यक है।
विद्यालय में छात्रों को पारंपरिक गुरुकुल पद्धति के अनुसार वैदिक शिक्षा प्रदान की जाती है। प्रवेश प्रक्रिया 15 मई से शुरू होकर 25 मई तक चलेगी, जबकि 31 मई को बालकों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन पत्र विद्यालय से प्राप्त और जमा किए जा सकेंगे।

