राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में छात्रों को माई भारत पोर्टल से जुड़ने के लिए किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजकीय महाविद्यालय जक्खिनी में मंगलवार को छात्र-छात्राओं को माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की मेगा क्विज प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए जागरूक किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को पंजीकरण और प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. संतोष सिंह ने की। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कैलाश राम ने स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं को माई भारत पोर्टल की जानकारी देते हुए इस पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 की मेगा क्विज की विशेषताओं के बारे में भी बताया।

ं

डॉ. कैलाश राम ने कहा कि माई भारत पोर्टल के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को एक मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे युवाओं को अपनी नेतृत्व क्षमता विकसित करने और विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पोर्टल पर पंजीकरण करने और क्विज में हिस्सा लेने की पूरी प्रक्रिया समझाई।

प्राचार्य प्रो. डॉ. संतोष सिंह ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने महाविद्यालय के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं से पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।

कार्यक्रम में प्राध्यापक वेद प्रकाश गुप्ता और डॉ. आनंद सिंह समेत छात्र-छात्राएं एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Share this story