देव दीपावली पर गंगा में सख्त पहरा, एनडीआरएफ के साथ पुलिस भी करेगी निगरानी, एसीपी ने अस्सी से हरिश्चंद्र घाट तक नाव से किया गश्त

WhatsApp Channel Join Now

नाविकों को लाइफ जैकेट के बिना नौका संचालन नहीं करने की हिदायत, चेतसिंह घाट पर लेजर शो की तैयारियों का भी लिया जायजा

वाराणसी। देव दीपावली पर काशी में उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों से लेकर गंगा की जलधारा तक निगरानी बढ़ाई जा रही है। पर्व के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना और नाव दुर्घटना रोकने के लिए पुलिस अधिकारी लगातार स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और भेलूपुर थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने रविवार को अस्सी घाट से हरिश्चंद्र घाट तक नाव से गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

गंगा में भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न घाटों पर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया और नाविकों से बातचीत कर देव दीपावली के दिन विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि कोई भी नाविक बिना लाइफ जैकेट पहने नाव का संचालन नहीं करेगा। नाव पर सवार सभी पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भी लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ ही नाव की निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर रोक और सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों ने नाविकों को समझाया कि देव दीपावली पर गंगा में बड़ी संख्या में नावों और बजड़ों का संचालन होगा। इस दौरान घाटों के सामने श्रद्धालुओं की भीड़ और जलयानों की आवाजाही भी बढ़ेगी। ऐसे में नावों को नियंत्रित गति से चलाना होगा। किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतें और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। गंगा में भीड़ के दौरान नावों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

चेतसिंह घाट पर लेजर शो की तैयारियां देखीं
नाव से गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने चेतसिंह घाट पर पहुंचकर लेजर शो की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। आयोजन स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जानकारी ली। देव दीपावली के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।


घाटों से गंगा तक बढ़ाई निगरानी
पुलिस प्रशासन का जोर देव दीपावली के दौरान घाटों, गंगा और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर है। इसके लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों, नाविकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। पुलिस की कोशिश है कि दीपोत्सव के दौरान काशी आने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण मिले और देव दीपावली का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।

BK Pathak
BK Pathak

21923 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story