पटरी व्यवसाइयों ने नगर निगम का किया घेराव, मांगों के समर्थन में की नारेबाजी, नगर आयुक्त ने दिया आश्वासन
वाराणसी। शहर में पटरी व्यवसायियों के उत्पीड़न, वेंडिंग जोन की कमी और रोजगार की सुरक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को सैकड़ों स्ट्रीट वेंडरों ने नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ के बैनर तले पहुंचे व्यवसायियों ने जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में वेंडरों के पहुंचने से नगर निगम परिसर में अधिकारियों में हलचल मच गई। इसके बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर पांच प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने नाइट मार्केट को वास्तविक स्ट्रीट वेंडरों के लिए संचालित करने की रही। महासंघ ने पात्र वेंडरों को नियमानुसार दुकानें आवंटित कर बाजार को आबाद करने की मांग की।

दूसरी मांग हवेलिया तिराहा स्थित वेंडिंग जोन हटाकर बनाए गए स्ट्रीट फूड हब के आवंटन की जांच कराने की है। महासंघ ने अपात्र लोगों को किए गए कथित आवंटन को निरस्त कर पात्र पटरी व्यवसायियों के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने की मांग की। महासंघ ने दशाश्वमेध क्षेत्र में पारंपरिक पटरी व्यवसायियों को नियमानुसार व्यवसाय की अनुमति देने तथा पुलिस की ओर से होने वाले कथित उत्पीड़न और अनावश्यक कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा नगर निगम सीमा के प्रत्येक वार्ड में कम से कम दो वेंडिंग जोन विकसित करने की मांग की गई।
नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की जाएगी। 9 अक्टूबर 2026 को टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक बुलाकर सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा करने की बात कही गई। पुलिस उत्पीड़न से जुड़े मामलों पर पुलिस अधिकारियों के साथ भी बैठक कर समाधान का आश्वासन दिया गया।

अभिषेक निगम ने कहा कि हजारों परिवारों की आजीविका पटरी व्यवसाय पर निर्भर है। मांगें पूरी नहीं होने पर महासंघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का आह्वान करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में अधिवक्ता ऋतुराज श्रीवास्तव, गोपाल सिंह, शशांक श्रीवास्तव, अश्वनी गुप्ता, डॉ. शम्मी कुमार सिंह, प्रेमचंद्र पांडेय, शीला देवी, सुरेंद्र यादव, लक्ष्मण राय, प्रकाश सोनकर, मनोज जायसवाल, कुंती देवी, मुन्नी देवी समेत सैकड़ों व्यवसायी मौजूद रहे।

