मिर्जामुराद में सपा व्यापार सभा की बैठक, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने सरकार पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के खजुरी चट्टी में रविवार को समाजवादी पार्टी व्यापार सभा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र पटेल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और कार्यकर्ताओं से मिशन 2027 की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल ने कहा कि मौजूदा समय में किसान खाद-बीज की समस्या, भूमि अधिग्रहण और बढ़ती लागत से परेशान हैं। छात्र और नौजवान बेरोजगारी तथा परीक्षाओं में अव्यवस्था से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी उपलब्धियों का ढिंढोरा पीटकर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि जमीन पर हालात अलग हैं।

123

उन्होंने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण व्यापारी वर्ग असुरक्षित महसूस कर रहा है। छोटे और मध्यम व्यापारी टैक्स के बोझ से दबे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि व्यापारी बेखौफ होकर व्यापार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार बड़े पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि किसान, जवान, नौजवान और व्यापारी सभी परेशान हैं।

सुरेंद्र पटेल ने डीजल, पेट्रोल और बिजली की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण माल ढुलाई और उत्पादन लागत बढ़ गई है, जिससे बाजारों की रौनक कम हो रही है। भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि युवा डिग्री लेकर रोजगार के लिए भटक रहे हैं और सरकार केवल दावों में व्यस्त है।

बैठक में विशिष्ट अतिथि सपा के प्रदेश सचिव शीतला प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी समाज के हर वर्ग की पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए की एकजुटता निर्णायक साबित होगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

कार्यक्रम के दौरान सेवापुरी विधानसभा की व्यापार सभा कमेटी का विस्तार किया गया। जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता और सौरभ केशरी की मौजूदगी में बृजेश पटेल, धीरज पटेल, शैलेंद्र सिंह, ध्यान यादव और सचिन कुमार सहित कई स्थानीय व्यापारियों और युवाओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा व्यापार सभा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने की। अंत में सियाराम केशरी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Share this story