PDA जनपंचायत में सपा ने साधा भाजपा पर निशाना, कार्यकर्ताओं से बूथ मजबूत करने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से मंगलवार को बीरभानपुर स्थित श्री धांगड़वीर हनुमान मंदिर परिसर में पीडीए जन पंचायत एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोहनिया और सेवापुरी विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में आगामी चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल एवं पूर्व विधायक रोहनिया महेंद्र सिंह पटेल के नेतृत्व में किया गया। रोहनिया विधानसभा अध्यक्ष गोपाल यादव और सेवापुरी विधानसभा अध्यक्ष पखंडी राम बिंद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा मुख्य अतिथि रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल और जिलाध्यक्ष सुजीत यादव 'लक्कड़ पहलवान' सहित पार्टी नेताओं ने मुख्य अतिथि रामआसरे विश्वकर्मा का माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कथित झूठे वादों से प्रदेश की जनता परेशान है और आगामी चुनाव का इंतजार कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संवाद करें और समाजवादी पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने बूथ प्रभारियों से विशेष रूप से अपने-अपने बूथ को मजबूत करने की अपील की। कहा कि बूथ स्तर पर संगठन जितना मजबूत होगा, चुनाव में पार्टी की स्थिति उतनी ही बेहतर होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने के कई सुझाव भी दिए।


कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने आगामी चुनाव को लेकर क्षेत्रवार संगठन की स्थिति पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और पार्टी संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन कन्हैया राजभर ने किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुजीत यादव 'लक्कड़ पहलवान', मनीष सिंह, विवेक यादव, आत्माराम यादव, गोपाल यादव, पूजा यादव, शशि यादव, विष्णु शर्मा, आनंद मौर्य, राजेश यादव उर्फ नत्थू, इंजीनियर अनिल यादव, सुजीत मास्टर, सुभाष राजभर, सुधीर यादव, दर्शन यादव, रामप्रकाश पटेल, हीरालाल विश्वकर्मा, अखिलेश पटेल, आनंद पटेल, सुरेश यादव, अरुण यादव, योगेश सिंह और रतन यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story