सिगरा स्टेडियम में अब हर शनिवार खिलाड़ी करेंगे अपने मैदान की सफाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा में अब खिलाड़ी केवल खेल का अभ्यास ही नहीं करेंगे, बल्कि अपने खेल मैदान की साफ-सफाई की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। खेल विभाग ने खिलाड़ियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से "स्वच्छ मैदान अभियान" की शुरुआत की है।

अभियान के तहत प्रत्येक शनिवार खिलाड़ियों और कोचों द्वारा अपने-अपने खेल मैदान में 45 मिनट तक श्रमदान कर सफाई की जाएगी। अभियान की शुरुआत शनिवार को हुई, जिसमें सुबह खिलाड़ियों ने अभ्यास से पहले मैदान, गैलरी और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक और खिलाड़ी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

खिलाड़ियों ने मैदान में फैले कूड़े-कचरे को हटाने के साथ ही पौधों को पानी भी दिया। खेल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि खेल मैदान खिलाड़ियों की धरोहर होते हैं और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी खिलाड़ियों को समझनी चाहिए। इससे मैदानों की स्थिति बेहतर बनी रहेगी और खिलाड़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलेगा।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सिगरा में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, क्रिकेट, कबड्डी और जिम्नास्टिक सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां 400 से अधिक बालक-बालिकाएं नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। खेल विभाग का मानना है कि इस पहल से खिलाड़ियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी, साथ ही खेल परिसरों की बेहतर देखरेख भी सुनिश्चित हो सकेगी।

Share this story