सिगरा पुलिस ने शातिर तस्कर को पकड़ा, यूपी से बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड परिसर के पास सिगरा पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने बैग में भारी मात्रा में शराब छिपाकर बिहार ले जाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोककर तलाशी ली, जिसके दौरान बैग से शराब बरामद हुई। इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

123

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर बिहार के मुजफ्फरपुर ले जा रहा था। उसने स्वीकार किया कि उसके बैग में रखी शराब की कीमत लगभग 3,000 से 3,500 रुपये थी। आरोपी ने यह भी बताया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां अवैध रूप से शराब की मांग बनी रहती है और इसी का फायदा उठाकर वह यह खेप पहुंचाने जा रहा था। उसने कबूल किया कि इस काम के बदले उसे प्रत्येक खेप पर 50 से 100 रुपये तक का अतिरिक्त मुनाफा मिलता था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी आर्थिक मजबूरी का भी हवाला दिया। उसने बताया कि वह इंटरमीडिएट (12वीं) पास है, लेकिन लंबे समय से बेरोजगार है। रोजगार नहीं मिलने और आर्थिक तंगी के चलते उसने अवैध शराब की तस्करी का रास्ता अपनाया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच शुरू कर दी गई है कि शराब की खेप उसे किस व्यक्ति या गिरोह ने उपलब्ध कराई थी और बिहार में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।

Share this story