शादी का झांसा देकर युवती से बनाया शारीरिक संबंध, सिगरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के मामले में सिगरा पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को फातमान रोड के पास से पकड़ा। उसके खिलाफ सिगरा थाने में बीएनएस की धारा 69 के तहत मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज और प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी फातमान रोड के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अहतेशाम (29), पुत्र मोहम्मद हनीफ, निवासी लमही सराय सुर्जन, बजरडीहा, थाना भेलूपुर, वाराणसी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक मामले में पीड़िता की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मुकदमा संख्या 0364/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक इंद्रकांत मिश्रा और रिजर्व कांस्टेबल विनय कुमार चौरसिया शामिल रहे।

Share this story