बरेका रंगशाला में श्रद्धा के साथ मनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, आकर्षक झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) की रंगशाला में शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी पूजा समिति के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बाल कलाकारों और कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान रंगशाला परिसर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद महाप्रबंधक ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव में सहभागिता की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में कलाकारों एवं बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, आदर्शों और शिक्षाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक झांकी के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। झांकी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया।
कर्म, सत्य और धर्म का दिया संदेश
मुख्य अतिथि आशुतोष पंत ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और उनके विचार आज भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। उन्होंने अपने जीवन के माध्यम से कर्म, सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके संदेशों को जीवन में आत्मसात कर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने सभी से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों एवं शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बरेका के अधिकारी-कर्मचारी और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में समिति के महामंत्री राम प्रवेश यादव, अध्यक्ष संजय यादव, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार यादव समेत पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, उप महाप्रबंधक सागर, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राज कुमार गुप्ता, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप यादव सहित बरेका के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

