फरसा बाबा के निधन पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने जताया शोक, बोले-गौ सेवा में समर्पित किया जीवन
वाराणसी। गौ सेवा और गौ रक्षा के लिए समर्पित रहे फरसा बाबा के निधन पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने बयान में फरसा बाबा को सच्चा गौ भक्त बताते हुए कहा कि वे हमेशा गौ माता के संरक्षण के लिए अग्रिम पंक्ति में खड़े रहते थे।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि फरसा बाबा का पूरा जीवन गौ सेवा और गौ रक्षा को समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि गौ माता की रक्षा करते समय ही उनका निधन हुआ, जो न केवल दुखद है बल्कि समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति भी है। इस घटना से उनके अनुयायियों और सहयोगियों में गहरा आघात और असहायता का भाव देखा जा रहा है।
उन्होंने फरसा बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका त्याग, समर्पण और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। शंकराचार्य ने कहा कि ऐसे समर्पित गौ सेवकों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि सरकार को गौ रक्षकों के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए, लेकिन वर्तमान स्थिति में ऐसा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देता। उन्होंने मांग की कि गौ सेवा और गौ रक्षा में लगे लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

