खोजवा में 15 दिन से जमा है सीवर का पानी, गंदगी के बीच रहने को मजबूर लोग, नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन खोजवा स्थित वार्ड नंबर 28 में सीवर की जलनिकासी व्यवस्था बाधित होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। क्षेत्र में करीब 15 दिनों से सीवर का गंदा पानी गलियों और घरों के आसपास जमा है। कई घरों में दूषित पानी प्रवेश करने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। लंबे समय से समस्या बनी रहने के बावजूद समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार सीवर लाइन की निकासी बाधित होने से गंदा पानी गलियों में जमा हो गया है। स्थिति यह है कि लोगों को घरों से बाहर निकलने और रोजमर्रा के काम के लिए आवागमन में भी दिक्कत हो रही है। घरों के भीतर सीवर का पानी पहुंचने से घरेलू कामकाज प्रभावित हैं। लोगों का कहना है कि लगातार गंदे पानी के बीच रहने से उन्हें काफी असुविधा झेलनी पड़ रही है।

123

घरों में घुसा दूषित पानी
स्थानीय लोगों ने बताया कि जलभराव केवल सड़क और गलियों तक सीमित नहीं है। सीवर का दूषित पानी कई घरों के अंदर तक पहुंच गया है। करीब दो सप्ताह से स्थिति जस की तस रहने के कारण घरों में रखे सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुओं को भी नुकसान की आशंका है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

मकान नंबर एन-14/75 के आसपास भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सीवर का पानी लंबे समय से जमा रहने के कारण दुर्गंध फैल रही है। इससे आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है और कई घरों में खिड़की-दरवाजे बंद रखने की नौबत है।

123

बीमारी का खतरा बढ़ा
लंबे समय से जमा सीवर के गंदे पानी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी नहीं होने से आसपास का वातावरण खराब हो रहा है। यदि जल्द पानी नहीं निकाला गया तो समस्या और गंभीर हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सीवर लाइन में तकनीकी खराबी या अवरोध की तत्काल जांच कराकर उसे दूर कराया जाए। साथ ही फिलहाल जमा पानी की निकासी के लिए पंप लगाकर तत्काल राहत दिलाई जाए।

पार्षद से भी लगाई गुहार
स्थानीय लोगों ने वार्ड 28 के पार्षद मदन मोहन तिवारी से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई कराने की अपील की है। लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय कर सीवर लाइन की जांच, सफाई और आवश्यक मरम्मत कराई जाए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पहले भी सामने आती रही है, लेकिन इस बार करीब 15 दिनों से सीवर का पानी घरों में पहुंचने से स्थिति गंभीर हो गई है। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Share this story