सुसुवाही मार्ग पर बह रहा सीवर का पानी, राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी, लोगों में आक्रोश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सुसुवाही मार्ग पर सीवर की समस्या लोगों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल के पास पिछले कई महीनों से सड़क पर सीवर का पानी बह रहा है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

123

स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क से काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं, प्रोफेसर, कर्मचारी, मरीज और तीमारदार समेत बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। इसके अलावा कई स्कूलों के बच्चे भी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। सड़क पर फैले सीवर के गंदे पानी के कारण लोगों को बदबू और गंदगी के बीच सफर करना पड़ रहा है।

राहगीरों ने बताया कि सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से वाहन गुजरते समय गंदा पानी लोगों के कपड़ों पर उछल जाता है। इससे खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जब सड़क और नाली का अंतर समझ पाना मुश्किल हो जाता है।

123

स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस मार्ग पर शिव मंदिर, विश्वनाथ मंदिर समेत कई धार्मिक स्थल भी हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। लेकिन मंदिर जाने वाले लोगों को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे श्रद्धालुओं में भी नाराजगी है। जब इस समस्या को लेकर स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि क्षेत्र नगर निगम सीमा में आने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

क्षेत्रीय पार्षद गुड्डू पटेल ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम को पत्र लिखा जा चुका है। अपर नगर आयुक्त, नगर आयुक्त और मेयर भी मौके का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही सीवर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।

Share this story