भेलूपुर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या दूर, पंपों की मरम्मत से मिली राहत, जलकल अभियंताओं ने किया निरीक्षण
वाराणसी। भेलूपुर जोन के शिवाला वार्ड स्थित रत्नाकर पार्क के पास और आसपास की गलियों में सीवर ओवरफ्लो की समस्या से स्थानीय लोगों को राहत मिली है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जलकल विभाग के अभियंताओं ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सीवेज पंपिंग व्यवस्था की जांच की। खराब और बंद पड़े पंपों की तत्काल मरम्मत के बाद प्रभावित क्षेत्रों में जमा सीवर का पानी पूरी तरह हटा दिया गया।
जलकल विभाग की टीम ने क्षेत्र से गुजर रही ओल्ड ट्रंक सीवर लाइन के साथ कोनिया मेन सीवेज पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान 100 एमएलडी क्षमता के चार नए सबमर्सिबल पंपों में से दो खराब मिले, जबकि दो पंप संचालित स्थिति में थे। इसी तरह 33 एमएलडी क्षमता के तीन पुराने पंपों में से केवल एक चालू था और दो पंप बंद मिले।
पंपिंग स्टेशन की स्थिति सामने आने के बाद जलकल विभाग ने जलनिगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता और निर्माण खंड प्रथम के समन्वय से खराब और बंद पंपों की मरम्मत शुरू कराई। अधिकारियों के अनुसार 33 एमएलडी क्षमता के एक पंप तथा पंप हाउस के अन्य जरूरी उपकरणों को करीब एक से डेढ़ घंटे के भीतर ठीक कर संचालित कर दिया गया।

पंप चालू होते ही हट गया सीवर का पानी
मरम्मत के बाद पंपिंग स्टेशन की क्षमता में सुधार हुआ और प्रभावित क्षेत्र से सीवर का पानी निकालने की प्रक्रिया तेज हो गई। पंपों के दोबारा चालू होते ही रत्नाकर पार्क के आसपास और संबंधित गलियों में जमा सीवर का पानी पूरी तरह हट गया। इससे स्थानीय निवासियों को ओवरफ्लो की समस्या से बड़ी राहत मिली।
जलकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सीवर ओवरफ्लो की समस्या के पीछे पंपिंग स्टेशन के कुछ पंपों के खराब और बंद होने की स्थिति सामने आई थी। समय रहते मरम्मत कराकर व्यवस्था को सुचारु किया गया है। विभाग की ओर से सीवर लाइन और पंपिंग स्टेशन की स्थिति पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि दोबारा जलभराव या सीवर ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न न हो।

