बजरडीहा में सीवर संकट गहराया, हजारों लोग गंदे पानी से गुजरने को मजबूर
वाराणसी। शहर के भेलूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बजरडीहा स्थित रज़ा नगर मस्जिद के आसपास पिछले कई महीनों से सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। समस्या अब विकराल रूप ले चुकी है और स्थानीय लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर चलना तक मुश्किल हो गया है। क्षेत्रीय नागरिकों के अनुसार करीब एक हजार से अधिक घर इस समस्या से सीधे तौर पर प्रभावित हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सीवर लाइन जाम होने के कारण गंदा पानी लगातार सड़कों पर फैल रहा है। लोगों को घर से निकलने और वापस लौटने के लिए इसी दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण फिसलन और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

बदबू और बीमारियों का खतरा
मोहल्ले में फैले गंदे पानी से तेज दुर्गंध उठ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ गई है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। नागरिकों का आरोप है कि उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें दी हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
एक स्थानीय निवासी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है मानो अधिकारी किसी बड़ी बीमारी या हादसे का इंतजार कर रहे हों। जब तक कोई गंभीर स्थिति उत्पन्न नहीं होगी, तब तक कार्रवाई की उम्मीद कम ही दिखाई देती है।
प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और जलकल विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि महीनों से समस्या बनी होने के बावजूद न तो नियमित निरीक्षण किया गया और न ही सीवर लाइन की समुचित मरम्मत। शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
आंदोलन की चेतावनी
समस्या से त्रस्त स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सीवर लाइन की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था और नियमित सफाई अभियान शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। नागरिकों का कहना है कि यह केवल असुविधा का विषय नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस ओर कब ठोस पहल करता है और हजारों प्रभावित परिवारों को राहत मिल पाती है।

