विशेश्वरगंज में जुआ खेलते सात गिरफ्तार, पांच हजार रुपये और ताश बरामद
वाराणसी। कोतवाली पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विशेश्वरगंज स्थित गुड़ मंडी में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी मौके पर जुआ खेलते मिले। उनके कब्जे से कुल 5,010 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। मामले में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की संबंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। काशी जोन के पुलिस उपायुक्त के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 अगस्त को गुड़ मंडी, विशेश्वरगंज क्षेत्र में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि कूड़ा खाने के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर सात लोगों को पकड़ लिया। तलाशी और मौके से बरामदगी के बाद सभी को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद यादव (32) निवासी हरतीरथ, कोतवाली, अजय शर्मा (26) निवासी कतुआपुरा, कोतवाली, राज कनौजिया उर्फ राजकुमार (32) निवासी हनुमान फाटक, आदमपुर, गौरव यादव (25) निवासी कज्जाकपुरा, आदमपुर, संदीप यादव (35) निवासी गोविंद जी नायक लेन, कोतवाली, हिमांशु यादव (28) निवासी कांशीराम आवास, इंद्रपुर, शिवपुर और बिसनु यादव (30) निवासी नवापुरा, कोतवाली के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बरामद रकम में मौके पर जुआ खेलने के लिए रखे गए 2,000 रुपये तथा आरोपियों की जामा तलाशी से मिले 3,010 रुपये शामिल हैं। इसके अलावा 52 ताश के पत्ते भी बरामद किए गए। इस मामले में थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 212/2026, धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह, उपनिरीक्षक हिमांशु कुमार, हेड कांस्टेबल संतोष राय, कांस्टेबल अरुण कुमार व्यास, रिजर्व कांस्टेबल अरुण कुमार, महेंद्र यादव, कांस्टेबल अभिषेक कुमार और रिजर्व कांस्टेबल पुष्पराज यादव शामिल रहे।

