आईआईटी-बीएचयू में जुटे देशभर के वैज्ञानिक और उद्योग विशेषज्ञ, धातुओं की आधुनिक तकनीक पर हुआ मंथन
10वीं ग्लिबल यूजर वर्कशॉप में 150 से अधिक विशेषज्ञों ने लिया हिस्सा, 19 व्याख्यान और चार प्रायोगिक प्रशिक्षण सत्रों में साझा की गईं नई तकनीकें
वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू) में 30 और 31 अक्टूबर को 10वीं ग्लिबल यूजर वर्कशॉप इंडिया (GUWI-2026) का आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस राष्ट्रीय कार्यशाला में देशभर के 150 से अधिक शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधार्थियों, उद्योग विशेषज्ञों और ग्लिबल उपकरण के उपयोगकर्ताओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान धातुओं के थर्मो-मैकेनिकल प्रसंस्करण, आधुनिक मिश्रधातुओं और औद्योगिक उत्पादन में सिमुलेशन तकनीक के उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यशाला की मुख्य विषयवस्तु 'थर्मो-मैकेनिकल एवं फिजिकल सिमुलेशन में प्रगति : प्रयोगशाला स्तर के अनुसंधान से औद्योगिक अनुप्रयोगों तक' रही। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान और औद्योगिक जरूरतों के बीच तकनीकी समन्वय स्थापित करना तथा आधुनिक सिमुलेशन तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु के प्रो. सत्यम सुवास और आईआईटी बॉम्बे के प्रो. इंद्रदेव समाजदार ने पूर्ण व्याख्यान प्रस्तुत किए। वहीं, आईआईटी रुड़की के प्रो. विवेक पंचोली और आईआईटी (बीएचयू) के डॉ. सूर्या डी. यादव ने मुख्य व्याख्यान दिए। इसके अलावा आईआईएससी, विभिन्न आईआईटी, डीएमआरएल, इसरो, टाटा स्टील, जिंदल स्टील, जेएसडब्ल्यू, भारत फोर्ज और डायनामिक सिस्टम्स इंक. के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और शोध निष्कर्ष साझा किए।
प्रयोगशाला में दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
कार्यशाला के दौरान कुल 19 आमंत्रित व्याख्यान और चार व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। आईआईटी-बीएचयू की केंद्रीय उपकरण सुविधा स्थित थर्मो-मैकेनिकल प्रोसेसिंग एंड सिमुलेशन टेस्टिंग (टीएमपीएसटी) प्रयोगशाला में प्रतिभागियों को हाइड्रा वेज यूनिएक्सियल कंप्रेशन, हॉट टेंसाइल टेस्टिंग और सिको टेस्टिंग की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
तकनीकी सत्रों में धातुओं के थर्मो-मैकेनिकल प्रसंस्करण, उन्नत मिश्रधातुओं के विकास, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, स्टील की हॉट डक्टिलिटी और औद्योगिक उत्पादन में ग्लिबल सिमुलेशन की उपयोगिता पर विशेषज्ञों ने विचार रखे। इन सत्रों के माध्यम से शोधार्थियों को नवीनतम तकनीकों और औद्योगिक चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।
निदेशक के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
संस्थान के निदेशक प्रो. अमित पात्रा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला का समन्वय डॉ. सूर्या डी. यादव ने किया। ग्लिबल यूजर फोरम इंडिया (GUFI) की इस पहल को डायनामिक सिस्टम्स इंक. (DSI), DTS और आईआईटी-बीएचयू के DIA-COE का सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी वक्ताओं, प्रतिभागियों, सहयोगी संस्थानों, छात्र स्वयंसेवकों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।

