द स्कॉलर्स होम में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी, बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच ने जीता सबका मन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। द स्कॉलर्स होम विद्यालय में आयोजित विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी ने छात्रों की रचनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक सोच का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करना और उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ना था। कार्यक्रम का शुभारंभ चंदौली के सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में एचपी मौर्य (अवर सचिव, CBSE प्रयागराज), विद्यालय की अध्यक्षा नीतू सिंह एवं निदेशक वीरभद्र सिंह उपस्थित रहे। पूर्व निदेशक स्व. अरुण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रदर्शनी में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने नवाचारपूर्ण मॉडल्स प्रस्तुत किए। बच्चों के वैज्ञानिक मॉडल्स ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया और उनकी सीखने की रुचि स्पष्ट दिखाई दी। कार्बन प्यूरिफिकेशन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वाटर साइकिल, रोपवे, वुमेन सेफ्टी डिवाइस, चंद्रयान मॉडल, प्रदूषण नियंत्रण उपकरण, ह्यूमन हार्ट बीट मॉडल, मानव मस्तिष्क संरचना तथा सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल ब्रह्मोस जैसे मॉडल्स प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण रहे।

123

कार्यक्रम में शामिल अभिभावक बच्चों की प्रतिभा देखकर अभिभूत हुए और उनके मॉडलों की प्रशंसा कर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्य अतिथि सुशील सिंह ने बच्चों के वैज्ञानिक प्रयासों को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में नवाचार की भावना पैदा करते हैं। विद्यालय की अध्यक्षा नीतू सिंह ने बच्चों द्वारा निर्मित मॉडल्स की प्रशंसा की और उन्हें निरंतर प्रोत्साहित किया। निदेशक वीरभद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसमें जीवन प्रबंधन और रचनात्मक गतिविधियों को भी शामिल किया जाना आवश्यक है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश ने छात्रों को संबोधित करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ वैज्ञानिक प्रयोगों और कलात्मक रचनाओं में भाग लेने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में राहुल कुमार, अलका श्रीवास्तव, संदीप कुमार, श्याम प्रजापति, स्नेहलता खन्ना, रितु साहू, उत्कर्ष द्विवेदी, कागल गुप्ता, तनु सिंह, नाइमा खान, नाजिस आयशा सहित सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Share this story