रियल एस्टेट में पारदर्शिता और उपभोक्ता अधिकारों पर होगा मंथन, वाराणसी में आयोजित होगा 'संवाद' कार्यक्रम
वाराणसी। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (उत्तर प्रदेश रेरा) की ओर से रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और उपभोक्ता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 31 जुलाई 2026 को वाराणसी में मंडल स्तरीय "संवाद (Samwaad on Real Estate Awareness)" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम अपराह्न 3:30 बजे सर्किट हाउस के मीटिंग हॉल सभागार में संपन्न होगा।
कार्यक्रम में वाराणसी मंडल के मंडलायुक्त मुख्य अतिथि तथा जिलाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उत्तर प्रदेश रेरा के अध्यक्ष उद्घाटन संबोधन देंगे। कार्यक्रम के दौरान रेरा के प्रधान सलाहकार रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे। प्रस्तुति में रेरा अधिनियम के प्रमुख प्रावधान, उपभोक्ताओं एवं प्रमोटरों के अधिकार और दायित्व, रियल एस्टेट परियोजनाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया, शिकायत निवारण प्रणाली तथा क्षेत्र से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन होगा, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा।
इस संवाद कार्यक्रम में वाराणसी विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन, रियल एस्टेट प्रमोटर्स, बिल्डर्स, आर्किटेक्ट्स, अभियंता तथा रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ आम नागरिक भी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत करना, उपभोक्ताओं के हितों का संरक्षण सुनिश्चित करना तथा रेरा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने सभी संबंधित हितधारकों, बिल्डर्स, डेवलपर्स और आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है, ताकि रेरा के प्रावधानों की बेहतर जानकारी प्राप्त कर पारदर्शी, जवाबदेह और उपभोक्ता हितैषी रियल एस्टेट व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

