संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में अतिथि व्याख्याताओं के 11 पदों पर वॉक-इन इंटरव्यू

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न विषयों में अतिथि व्याख्याताओं का पैनल तैयार किया जाएगा। अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से 16 सितंबर 2026 को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में शामिल हो सकेंगे।

कुलसचिव राकेश कुमार की ओर से जारी कार्यालय-ज्ञाप के अनुसार वॉक-इन इंटरव्यू कुलपति कार्यालय में दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन-पत्र तथा अपनी शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्रों की प्रतियों के साथ निर्धारित समय से पूर्व उपस्थित होना होगा। आवेदन के साथ योग्यता, अर्हता, अनुभव एवं जाति आदि से संबंधित प्रमाण-पत्रों की प्रमाणित छायाप्रतियां संलग्न करना अनिवार्य किया गया है।

विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न संकायों और विषयों में कुल 11 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें वेद-वेदांग संकाय के अंतर्गत ज्योतिष एवं व्याकरण, साहित्य संस्कृति संकाय में साहित्य, दर्शन संकाय में पूर्व मीमांसा तथा न्याय-वैशेषिक और आधुनिक ज्ञान-विज्ञान संकाय में जर्मन विषय शामिल हैं। विषयवार साक्षात्कार के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किया गया है। ज्योतिष विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार दोपहर 12:30 बजे, व्याकरण के लिए 12:45 बजे, साहित्य के लिए 1:15 बजे, पूर्व मीमांसा के लिए 1:45 बजे, न्याय-वैशेषिक के लिए 2 बजे तथा जर्मन विषय के लिए 2:20 बजे होगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार चयनित अतिथि व्याख्याताओं को अधिकतम 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देय होगा। यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी प्रकृति की होगी और इसे भविष्य में किसी स्थायी नियुक्ति का आधार नहीं माना जाएगा। साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का मार्ग-व्यय देय नहीं होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि अतिथि व्याख्याताओं के चयन से नए शैक्षणिक सत्र में विभिन्न विषयों की कक्षाओं के संचालन को गति मिलेगी तथा विद्यार्थियों को विषय विशेषज्ञों की शैक्षणिक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी भर्ती एवं शैक्षणिक संबंधी सूचनाएं प्रकाशित की जाती हैं।

Share this story