सपा नेता राजेश यादव ‘नत्थू’ के निधन पर अजय राय ने जताया शोक, परिजनों से की मुलाकात, ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायल सिपाही का जाना हाल
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय राय मंगलवार को समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रहे दिवंगत राजेश यादव ‘नत्थू’ के आवास सीर गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वह बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां तस्करों को पकड़ने के दौरान गोली लगने से घायल सिपाही अमित शुक्ला का हाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी ली।
नत्थू के निधन को इंडिया गठबंधन के लिए बताया अपूरणीय क्षति
सीर गोवर्धन स्थित आवास पर अजय राय ने राजेश यादव ‘नत्थू’ की पत्नी एवं जिला पंचायत सदस्य चंदा यादव, उनके भाई और पुत्र से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि युवा साथी राजेश यादव का असमय निधन अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उनके जाने से समाजवादी पार्टी के साथ ही पूरे इंडिया गठबंधन को गहरा आघात पहुंचा है।

अजय राय ने कहा कि राजेश यादव ‘नत्थू’ इंडिया गठबंधन के समर्पित और मजबूत साथी थे। क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच उनका सम्मान उनकी पहचान थी। उन्होंने हमेशा जनता के हितों के लिए काम किया और अपने क्षेत्र में मजबूत जनाधार बनाया। उनका असमय जाना व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
घायल सिपाही से मिले, चिकित्सकों से ली जानकारी
इसके बाद अजय राय बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान गोली लगने से घायल सिपाही अमित शुक्ला से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। चिकित्सकों से उपचार की स्थिति और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अजय राय ने सिपाही के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस के जवान अपनी जान जोखिम में डालकर समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का काम करते हैं। अपराधियों और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उनका घायल होना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि अमित शुक्ला ने जिस बहादुरी और समर्पण का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। उनके शीघ्र स्वस्थ होकर परिवार के बीच लौटने की कामना करता हूं।
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर उठाए सवाल
इस दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की कानून-व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन की सरकार के बावजूद काशी में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीरो टॉलरेंस के दावों और जमीनी स्थिति में अंतर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि जब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों पर ही गोली चलाई जा रही है तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने सरकार से अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि कानून-व्यवस्था केवल भाषणों और विज्ञापनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। इस दौरान वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, पार्षद प्रिंस राय खगोलन, विश्वनाथ कुंवर, घनश्याम सिंह, सुनील राय, मदन कन्नौजिया, आनंद पांडेय और अजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

