बरेका में महिला शक्ति को नमन : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक समारोह व सम्मान कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बरेका में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 12 मार्च को बरेका सिनेमा हॉल में भव्य सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति की उपलब्धियों को सम्मानित करना और समाज, रेलवे तथा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करना था। समारोह में बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही।

123

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह द्वारा मुख्य अतिथि बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा गौरी श्रीवास्तव को पौधा भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि गौरी श्रीवास्तव, महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

123

समारोह की शुरुआत भक्तिपूर्ण शिव वंदना से हुई, जिसने पूरे सभागार में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण का संचार कर दिया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्रीमती गौरी श्रीवास्तव ने कहा कि आज महिलाएं अपनी प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके योगदान को सदैव सम्मान मिलना चाहिए।

इस अवसर पर 1 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 के बीच सेवानिवृत्त होने वाली महिला कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि गौरी श्रीवास्तव और महिला कल्याण संगठन की पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान प्रदान किया और उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ता के रूप में समाज सेविका एवं पूर्व अध्यक्षा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ डॉ. रचना अग्रवाल तथा डॉ. मधुलिका सिंह ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। 

उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के माध्यम से सशक्त बनने का संदेश दिया। समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। पूजा चौधरी के निर्देशन में कुमारी खुशी शर्मा द्वारा प्रस्तुत भावनृत्य शिव वंदना विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा करुणा सिंह का प्रभावशाली कविता पाठ, निशा, दीप्ति गुप्ता और नीतू जैसवार द्वारा प्रस्तुत गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नारी सशक्तिकरण पर आधारित लघु नाटक, समूह होली नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की वरिष्ठ कार्यकारी सदस्य गुरमीत कौर, कोषाध्यक्ष श्वेता श्रीवास्तव, सचिव ऋतिका सिंह, मीनाक्षी सिंह, अनुजा खरे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में डॉ. प्रेक्षा पाण्डेय, सहायक कार्मिक अधिकारी रामप्रवेश यादव, पीयूष मिंज, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार तथा कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Share this story