रामनगर में रोजा इफ्तार कार्यक्रम: भाईचारे का संदेश, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार से सवाल
वाराणसी। कैंट विधानसभा क्षेत्र के रामनगर में आयोजित रोजा इफ्तार कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों, समाजों और वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में लोगों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया और क्षेत्र में शांति, सौहार्द और आपसी सहयोग बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के आयोजक और समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विपिन श्रीवास्तव ने कहा कि रोजा इफ्तार केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र के सभी लोग, चाहे वे किसी भी धर्म या जाति से हों, एक परिवार की तरह हैं और उनकी खुशहाली और सम्मान ही उनकी प्राथमिकता है।

विपिन श्रीवास्तव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने का काम कर रही है, जबकि आम आदमी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर जवाब देगी।

वहीं, वर्तमान पार्षद राजकुमार यादव ‘राजू’ ने कहा कि रोजा इफ्तार के इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी लोगों ने एक साथ बैठकर भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, शांति और आपसी सौहार्द के लिए सभी लोग मिलकर काम करेंगे। साथ ही उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों के साथ खड़े रहने तथा उनके हक और सम्मान के लिए हमेशा आवाज उठाने का संकल्प लिया।


